रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यालयों,थाना परिसरों एवं चौराहों में जनजागरूकता अभियान

सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में जिला पुलिस सीधी द्वारा 24 जुलाई 2026 को जिलेभर में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत थाना जमोड़ी द्वारा क्राइस्ट ज्योति स्कूल में नशामुक्ति विषय पर रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली, उज्ज्वल भविष्य एवं “नशे से दूरी है ज़रूरी” जैसे प्रेरणादायी संदेशों पर आधारित आकर्षक चित्र एवं रंगोलियां बनाई। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं थाना जमोड़ी का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं अच्छे संस्कारों को अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, अवैध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देते हुए कहा कि नशे से दूर रहना ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने की अपील की।

 

जागरूकता अभियान में आमजन से संवाद-

 

इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न विद्यालयों थाना परिसरों, प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन से संवाद स्थापित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस दौरान नागरिकों को नशे से दूर रहने, युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित कर लोगों को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

 

सीधी पुलिस की अपील-

 

– स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

– अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की सूचना हेल्पलाइन नंबर 7701057502 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

 

जिला पुलिस सीधी द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग तक लगातार जनजागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना भी है।

 

“नशे से दूरी है ज़रूरी” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का जनआंदोलन है।

Next Post

तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो घायल

Fri Jul 24 , 2026
सिंगरौली /देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिवेणी ढाबा के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ओवरस्पीड अज्ञात बोलेरो पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार बाबूलाल सिंह एवं उनके साथी, जो दूधमनिया के […]

You May Like