नयी दिल्ली, 29 जुलाई (वार्ता) देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड के साथ एक साल के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।
इंडिगो ने मंगलवार को बताया कि सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड (एसटीबी) के साझेदार के रूप में वह एक पर्यटन गंतव्य के रूप में भारतीय यात्रियों के बीच सिंगापुर को और लोकप्रिय बनाने का काम करेगी। एसटीबी ने पहली बार किसी भारतीय एयरलाइंस के साथ करार किया है। वहीं, इंडिगो ने भी पहली बार किसी दूसरे देश के पर्यटन बोर्ड के साथ एमओयू किया है।
सिंगापुर के पर्यटन उद्योग में योगदान के मामले में भारत का तीसरा स्थान है। इस साल जून तक पाँच लाख से ज्यादा भारतीयों ने सिंगापुर की यात्रा की है। देश के 15 शहरों से हर सप्ताह 270 उड़ानें चांगी एयरपोर्ट के जरिये सिंगापुर से संपर्क प्रदान करती हैं।
सिंगापुर इंडिगो के शीर्ष तीन अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों में शामिल है। एयरलाइंस ने बताया कि वह 09 अगस्त 2025 को दिल्ली और मुंबई से सिंगापुर के लिए विमान सेवा शुरू करेगी।

