लेंसकार्ट लायेगी 2,150 करोड़ रुपये का आईपीओ, सेबी के पास दाखिल किये दस्तावेज

मुंबई, 29 जुलाई (वार्ता) प्रौद्योगिकी आधारित आईवीयर कंपनी लेंसकार्ट ने 2,150 करोड़ रुपये के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की घोषणा की है।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि उसने आईपीओ के लिए पूँजी बाजार नियामक सेबी के पास रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस दाखिल कर दिये हैं। वह नये इक्विटी शेयर जारी कर 2,150 करोड़ रुपये जुटाने के अलावा कुछ मौजूदा शेयरधारकों के 13,22,88,941 इक्विटी शेयर के लिए ऑफर फॉर सेल भी लायेगी।
ऑफर फॉर सेल के तहत कंपनी के प्रवर्तक पीयूष बंसल, नेहा बंसल, अमित चौधरी और सुमित कपाही अपने शेयर बेच रहे हैं। निवेशक शेयरधारकों में एसवीएफ II लाइटबल्ब (केमेन) लिमिटेड, स्क्रोडरे कैपिटल प्राइवेट इक्विटी एशिया मॉरिशस लिमिटेड, पीआई ऑपर्च्युनिटीज फंड-II, मैक्रिची इनवेस्टमेंट्स, केदारा कैपिटल फंड II और अल्फा वेव वेंचर्स एलपी अपने शेयर बेच रहे हैं।
कंपनी ने यह भी कहा है कि वह आईपीओ से पहले 430 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो आईपीओ में से उतनी कटौती की जायेगी।
आईपीओ से जुटाई गयी राशि का इस्तेमाल कंपनी द्वारा संचालित और कंपनी के मालिकाना हक वाले नये स्टोर शुरू करने लीज, किराया और लाइसेंस समझौते के भुगतान के लिए किया जायेगा। साथ ही प्रौद्योगिकी, क्लाउड संबंधी बुनियादी ढाँचा, ब्रांड के विपणन और कारोबार के प्रमोशन के लिए किया जायेगा।
लेंसकार्ट की स्थापना 2008 में हुई थी। उसने 2013 में दिल्ली में अपना पहला स्टोर खोला। आज देश के कई शहरों में उसके स्टोर हैं।

Next Post

हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों को मिला 31.72 करोड़ रुपये का नकद इनाम

Tue Jul 29 , 2025
चंडीगढ़, 29 जुलाई (वार्ता) हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री और पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश सरकार ने चौथे पैरा एशियन गेम्स 2022 में भाग लेने वाले प्रदेश के 17 खिलाड़ियों को कुल 31.72 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया है। मंत्री राव […]

You May Like