ग्वालियर। स्वच्छता के आधार पर शहर की मुख्य सड़कों की अब रैंकिंग की जाएगी। इसलिए संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर हाल में मुख्य मार्ग से प्रातः 9 बजे तक कचरा उठ जाए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्यवाही भी होगी। साथ ही शतप्रतिशत सूखा एवं गीला कचरा एकत्रित करने की दिशा में पूरा अमला कार्य करें। जिसमें प्राथमिक तौर पर 08 वार्डों में विशेष अभियान चलाकर शतप्रतिशत घरों से सूखा एवं गीला कचरा लिया जाएगा तथा घरों की स्टार रेटिंग भी की जाएगी। उक्ताश्य के निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने आज स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए।
बाल भवन के नवीन सभागार में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी.प्रतीक राव, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, किशोर चौहान, दीपेन्द्र सेंगर, अजय ठाकुर सहित सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में कतई कोताही बर्दाशत नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और सभी डिपो से समय पर डोर टू डोर वाहन निकलें तथा डोर टू डोर वाहन घरों से कचरा सेग्रीकेशन करके ही लें। इसके साथ ही कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर भी गाडियां समय पर खाली हों, यह संबधित प्रभारी सुनिश्चित करें। बैठक में निर्देश दिए कि शहर में सभी बल्क वेस्ट जनरेटर को चिन्हित कर उनके यहां ही गीले कचरे का निष्पादन कराना ही सुनिश्चित करें।
