हमले में घायल अधेड़ की रीवा में उपचार के दौरान मौत, अस्पताल तिराहे पर शव रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम

सीधी। जमीनी विवाद को लेकर 9 दिन पहले अधेड़ पर हुए प्राणघातक हमले के बाद रीवा अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। शव सीधी लाने के बाद आक्रोशित परिजनों ने शाम को स्थानीय अस्पताल तिराहा में चक्काजाम शुरू कर दिया । इस दौरान परिजनों ने जोरदार हंगामा करते हुए मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पुलिस की समझाइश के बाद भी परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। मृतक के परिजनों की मांग रही कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे तब तक हम शव नहीं ले जाएंगे।

दरअसल जमीनी विवाद के चलते कोतवाली थाना अंतर्गत भमरहा निवासी जगजाहिर साकेत उम्र 45 वर्ष पर उसी के परिवार के कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। सिर में कुल्हाड़ी से गहरी चोंटे आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे रीवा रेफर कर दिया गया था।ग्राम भमरहा निवासी बसंती साकेत ने बताया कि मेरे पति जगजाहिर साकेत के ऊपर 22 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे आरोपियों ने हमला किया था। जेठ भागवत साकेत से जमीनी विवाद चल रहा है। जिसके चलते आए दिन विवाद करते हैं। महिला के अनुसार घटना के दौरान जेठ भागवत साकेत, उसका लडका त्रिलोक साकेत, रामश्वरूप साकेत तथा ईश्वरदीन साकेत उसके घर पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए बाड़ी तोडना शुरू कर दिए। मना करने पर जेठ भागवत साकेत द्वारा कुल्हाड़ी से उसके पति के सिर तथा बांए हांथ में हमला किया गया। हो हल्ला मचने पर लोगों ने बीच-बचाव किया। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 333, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।

मृतक की पत्नी ने बताया कि पति के साथ जानलेवा हमला करने वालों में एक ऐसा भी नाम शामिल है जो सरकारी सेवक हैं। उसके साथ ही आरोपियों में भगवान साकेत, रामश्वरूप, त्रिलोक, सुखदेव, ईश्वरदीन, कृष्णकुमार, राजेन्द्र, पप्पू सहित 16 नामों की शिकायत दर्ज की गई थी। लेकिन मौत के पहले तक किसी भी आरोपी को न पकडऩे की वजह से मृतक के परिजनों में काफी आक्रोश रहा। त्रिलोक साकेत जो जल संसाधन विभाग सीधी में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। इनके खिलाफ भी मामला पंजीबद्ध हुआ था। उधर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पहले भी हत्या के प्रयास की धारा लगी थी। अब मौत हो गई है, अब हत्या का आरोप पंजीबद्ध कर लिया गया है। जो आरोपी हैं उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मौके पर डीएसपी, कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह, यातायात प्रभारी अभिषेक उपाध्याय, जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी एवं अन्य पुलिस अमले मौजूद रहे। काफी समझाइश के बाद करीब 4 घंटे में चक्काजाम समाप्त हुआ ।

 

Next Post

खण्डेलवाल ने दी सुशीला शर्मा को श्रद्धांजलि

Thu Oct 30 , 2025
देवास। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल गुरुवार को देवास पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक आशीष शर्मा की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सुशीला शर्मा के निधन पर उनके निवास पहुंचकर पार्थिव देह के दर्शन किए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना […]

You May Like