
जबलपुर। लगातार हो रही चक्रवातीय बारिश ने रेलवे भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का कार्यक्रम प्रभावित कर दिया है। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सभी को समान अवसर देने के लिए 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जबलपुर में प्रस्तावित चार दिवसीय शारीरिक दक्षता परीक्षा को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम मध्य रेल की ओर से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना सीईएन-08/2024 (लेवल-1) के तहत यह परीक्षा आयोजित की जानी थी। रेलवे स्टेडियम ग्राउंड में लगातार बारिश के चलते भारी जलभराव और कीचड़ हो गया है, जिससे दौड़ सहित शारीरिक दक्षता की गतिविधियां कराना सुरक्षित नहीं है।
बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह फैसला लिया है। प्रशासन के अनुसार मैदान की मौजूदा स्थिति में अभ्यर्थियों के फिसलने और चोटिल होने का खतरा है, साथ ही सभी अभ्यर्थियों को शारीरिक क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर भी नहीं मिल पाएगा। अब मौसम सामान्य होने के बाद पीईटी की नई तारीखों की घोषणा अलग से आधिकारिक माध्यमों से की जाएगी। रेलवे ने अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और परीक्षा से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की अपील की है।
