
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में निजी टाउनशिप निर्माण के दौरान की गई लापरवाह खुदाई ने न्यू रेसकोर्स बिल्डिंग के रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी. भारी मशीनों से की गई खुदाई के चलते इमारत की ड्रेनेज और पानी की लाइनें टूट गईं, सड़क और बिजली का ट्रांसफार्मर धंस गया, जिससे इलाके में बिजली, पानी और ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई.
घटना से आक्रोशित रहवासी बुधवार को लसूड़िया थाने पहुंचे और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने न्यू रेसकोर्स बिल्डिंग, महालक्ष्मी नगर निवासी पंकज दुबे की शिकायत पर ठेकेदार जगदीश दांगी और शाहिद चौहान के खिलाफ तोड़फोड़ करने और 113 परिवारों की जान खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है. रहवासियों ने पुलिस को बताया कि उनकी सोसायटी के पास सिंगापुर मरीना नामक टाउनशिप का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे सार्थक विनायक रियल बिल्ट द्वारा कराया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट में खुदाई का जिम्मा ठेकेदार जगदीश दांगी और कांक्रीट का कार्य शाहिद चौहान को सौंपा था. आरोप है कि डेढ़ महीने से दिन रात जेसीबी मशीनों से बिना सुरक्षा उपायों के खुदाई की जा रही थी. हादसे के दौरान बिजली का ट्रांसफार्मर गड्ढे में गिर गया, जिससे पूरी बिल्डिंग की बिजली सप्लाई बंद हो गई. साथ ही बाउंड्रीवॉल गिर गई और जमीन नीचे से खिसक गई. ड्रेनेज और पानी की पाइप लाइन टूटने से क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की स्थिति बन गई. रहवासियों का कहना है कि इस लापरवाही की शिकायत पहले भी नगर निगम में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. मजबूरन उन्हें पुलिस का सहारा लेना पड़ा. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी का कहना है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी.
