इस्लामाबाद,26 जून (वार्ता/शिन्हुआ) पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने देश के उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते तापमान के कारण बर्फ की झील (जीएलओएफ) के फटने के खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को जारी चेतावनी में तेजी से बढ़ते तापमान और पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव का हवाला दिया गया है।
एनडीएमए ने कहा कि प्रमुख घाटियों में ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने से बर्फ की झीलों के फटने का खतरा बढ़ गया है जिससे अचानक बाढ़ आ सकती है और सड़कों और पुलों सहित बुनियादी ढांचे को नुकसान हो सकता है।
प्राधिकरण ने निवासियों और यात्रियों से अत्यधिक सावधानी बरतने,नदी के किनारों और ग्लेशियल क्षेत्रों से बचने और बाढ़ के पानी को पार करने से परहेज करने का आग्रह किया। स्थानीय समुदायों को जिला प्रशासन द्वारा जारी निकासी निर्देशों और अन्य दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की भी सलाह दी गई है।
पाकिस्तान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील देशों में से एक है, जिसके उत्तरी क्षेत्रों में 7,000 से अधिक ग्लेशियर हैं। हाल के वर्षों में जीएलओएफ घटनाओं में वृद्धि हुई है।
