
नयी दिल्ली, 23 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां पार्टी की केरल इकाई के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी तथा कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गयी। उन्होंने लिखा “केरल के 3.6 करोड़ लोग बदलाव के लिए तरस रहे हैं। यूडीएफ में हमारे सहयोगियों के साथ कांग्रेस पार्टी राज्य में प्रगतिशील, विकासोन्मुख, कल्याण आधारित शासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
बैठक में श्री खरगे तथा श्री गांधी के अलावा पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, केरल कांग्रेस प्रभारी दीपा दासमुंशी, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन,कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमेश चेन्निथला तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य शशि थरूर मौजूद नहीं थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व ने केरल के नेताओं को चुनावी तैयारी तेज करने को कहा है। बैठक में यूडीएफ के अन्य घटक दलों के साथ सीटें के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुयी।
श्री चेन्निथला ने बताया कि बैठक में आगामी चुनावों पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत चुनाव में पार्टी को और यूडीएफ को भारी जीत मिली है। पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करेगी।
श्री थरूर के बैठक से दूरी बनाने के सवाल पर श्रीमती दासमुंशी ने मीडिया से कहा कि श्री थरूर केरल लिटरेचर फेस्टिवल में गए है। उनकी दो किताबों का विमोचन हुआ है। वह पार्टी को बताकर वहां गये हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कहना उचित नहीं कि पार्टी उनकी प्राथमिकता में नहीं है। वह हाल ही में राहुल गांधी के कालीकट के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
