एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, वाटर कैनन से पुलिस ने किया तितर-बितर 

जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जबलपुर द्वारा कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में रानीताल चौक पर उग्र प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एवं चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। इस दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता रानीताल चौक से भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया।

विपक्ष की आवाज को दबा रही सरकार

एनएसयूआई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन को निरस्त किया जाना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की भावना पर सीधा प्रहार है। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन रजक,राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित मिश्रा,रिजवान अली,नीलेश माहर ,देवकी पटेल,अभिषेक पटेल ,राहुल रजक,मो एजाज , हिमांशु रजक, सहित भारी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

Next Post

नगर परिषद कुक्षी में जनकल्याण शिविर का शुभारंभ

Tue Jun 16 , 2026
धार. भारत सरकार एवं राज्य सरकार के आदेशानुसार स्थानीय कार्यालय नगर परिषद कुक्षी के प्रांगण में जनकल्याण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ, जो आगामी 18 जून तक निरंतर संचालित किया जाएगा। शिविर के पहले ही दिन नगर विकास और लोक कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों के अमले ने मुस्तैदी से […]

You May Like