भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने होलिका दहन के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि होलिका दहन की पवित्र अग्नि में हम सभी नकारात्मक तत्वों को समर्पित कर जीवन में मंगल और शुभता का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे देश और समाज के प्रति अपने योगदान को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लें तथा आपसी सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करें।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे ऐतिहासिक संघर्षों में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरोजिनी नायडू का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रेरणादायी अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
