शेयर बाजारों में तेजी, निफ्टी 25,100 अंक के पार

मुंबई, 12 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को तेजी रही और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक डेढ़ महीने बाद 25,100 अंक के पार बंद हुआ।
चौतरफा लिवाली के बीच बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 355.97 अंक (0.44 प्रतिशत) चढ़कर 81,904.70 अंक पर पहुंच गया जो 21 अगस्त के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।
निफ्टी-50 सूचकांक 108.50 अंक यानी 0.43 प्रतिशत मजबूत होकर 25,114 अंक पर पहुंच गया। यह 23 जुलाई के बाद पहली बार 25,100 अंक से ऊपर बंद हुआ है।
खुदरा महंगाई के आंकड़ों से पहले यह पूरा सप्ताह बाजार के लिए काफी अच्छा रहा इन पांच दिनों में सेंसेक्स करीब 1,194 अंक और निफ्टी-50 सूचकांक 373 अंक उछल चुका है।
एफएमसीजी कंपनियों और सरकारी बैंकों को छोड़कर अन्य सेक्टरों में तेजी रही। निवेशकों ने धातु, फार्मा, निजी बैंकों और ऑटो कंपनियों में पैसा लगाया।
सेंसेक्स 210.22 अंक की तेजी के साथ 81,758.95 अंक पर खुला। इसका दिवस का निचला स्तर 81,641.38 अंक और उच्चतम स्तर 81,992.85 अंक रहा। निफ्टी-50 सूचकांक भी 68.95 अंक चढ़कर 25,074.45 अंक पर खुला। यह ऊपर 25,139.45 अंक और नीचे 25,038.05 अंक तक गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.32 फीसदी और स्मॉलकैप 100 सूचकांक 0.64 फीसदी की बढ़त में रहा।
सेंसेक्स में बीईएल का शेयर सबसे अधिक 3.67 प्रतिशत चढ़ा। बजाज फाइनेंस में 3.41 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 2.38 प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक का शेयर 1.64 फीसदी, मारुति सुजुकी का 1.51 फीसदी, टाटा मोटर्स का 1.30, आईसीआईसीआई बैंक का 1.13, एलएंडटी का 1.08 और इंफोसिस का 1.06 प्रतिशत की बढ़त में रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर भी हरे निशान में रहे।
इटरनल में सबसे अधिक 2.01 प्रतिशत की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 1.43 प्रतिशत, ट्रेंट का 0.79, टाइटन का 0.61, भारती एयरटेल का 0.51 और एशियन पेंट्स का 0.45 प्रतिशत टूट गया।
विदेशों में मिश्रित रुख रहा। एशिया में जापान का निक्केई 0.89 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 1.16 फीसदी की बढ़त में रहा जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.12 प्रतिशत लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.18 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई सूचकांक में 0.34 प्रतिशत की तेजी थी।

Next Post

फोनपे से जुड़ेंगे वाधवानी फाउंडेशन को दो कार्यक्रम

Fri Sep 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) फोनपे पेमेंट गेटवे ने वाधवानी फाउंडेशन के दो प्रमुख कार्यक्रमों लिफ्टऑफ और एक्सेलरेट को अपने डिजिटल भुगतान समाधानों और इंडस ऐप स्टोर के साथ जोड़ने के लिए एक करार किया है। फोनपे ने शुक्रवार को बताया कि इस करार का उद्देश्य उद्यमियों और व्यापारियों को […]

You May Like