
उज्जैन। हरिफाटक ब्रिज पर सोमवार शाम बाइक सवार को ट्रक में कुचल दिया। बाइक सावर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जप्त कर लिया है। मंगलवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन की ओर से बाइक पर सवार होकर प्रदीप पिता मनोहर परचुरे 65 वर्ष निवासी वृंदावनधाम हरिफाटक ब्रिज चढ़ रहे थे। गधा पुलिया के समीप हनुमान मंदिर के यहां पर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक से गिरते ही प्रदीप परचुरे ट्रक के पहिए में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। मामले की जानकारी लगते ही महाकाल थाना पुलिस दुर्घटना स्थल पहुंच गई थी। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मृतक प्रदीप परचुरे का शव चरक भवन पहुंचाया गया। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। दुर्घटना की जानकारी लगते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों के बयान के बाद ही सामने आ पाएगा कि प्रदीप परचुरे कहां से आ रहे थे। देवास गेट थाना पुलिस ने बताया कि रविवार रात को जीरो पॉइंट ब्रिज पर दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची थी। एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी दूसरा मामूली घायल था। दोनों को चरक भवन लाया गया जहां से मृतक को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। घायल से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम आकाश निवासी रतन एवेन्यू होना बताया। मृतक के संबंध में पूछताछ करने पर नंदकिशोर पिता जगदीश 40 वर्ष निवासी कोट मोहल्ला होना सामने आया। घायल ने बताया कि मृतक उसका जीजा था दोनों फ्रीगंज से रतन एवेन्यू जा रहे थे। दुर्घटना के बाद अज्ञात कार चालक मौके से भाग निकला था। दुर्घटना की जानकारी लगते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि नंदकिशोर पैंटरी का काम करता था। सोमवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौपा है।
