सिवनी मालवा। नगर में खाद लेने के लिए सैंकड़ों किसान परेशान हो रहे है। प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण खाद वितरण में लगातार क्षेत्र के किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा छोटे किसान परेशान हो रहे है। हालात इतने बिगड़े कि नाराज सैंकड़ों किसान पहले तहसील कार्यालय पहुंचे वहां से निराश होकर लौटे और फिर थाने का रुख किया। किसानों का आरोप है कि पिछले एक महीने से वह प्रतिदिन तहसील और सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, परन्तु खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। दर्जनों किसानों ने बताया कि खरीफ सीजन का समय निकलता जा रहा है और बिना खाद के फसलों की बढ़वार रुक रही है। किसान सुबह से खाद मिलने की उम्मीद लेकर तहसील पहुंचते हैं परन्तु निराश होकर लौटते है। वहां या तो खाद का स्टॉक नहीं मिलता या फिर टोकन वितरण की कोई स्पष्ट तारीख नहीं बताई जाती। किसानों का एक समूह सुबह पहले तहसील कार्यालय पहुंचा लेकिन जब वहां कोई अधिकारी नहीं मिले, तो एकत्रित किसान सीधे थाने पहुंचे और थाना प्रभारी राजेश दुबे को अपनी परेशानी बताई।
