सतना: कोलगवां थाना अंतर्गत सिद्धार्थ नगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान की कच्ची दीवार गिरने से मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में जगाई एक मासूम बालिका की मौत हो गई। जबकि चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ नगर निवासी दीपक तिवारी के घर में निर्माण कार्य चल रहा था।
इसी दौरान पास में बनी लगभग 9 फीट ऊँची कच्ची दीवार अचानक शाम करीब 5:30 बजे भरभराकर गिर पड़ी। उसी समय गली से गुजर रही मासूम माही कोरी उम्र 6 वर्ष पिता श्यामपाल कोरी, दीवार गिरने से मलबे में दब गई। साथ ही पास में मौजूद राहगीर संतोष पांडे भी मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मासूम माही कोरी की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल संतोष पांडे का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
