परीक्षा केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों और परीक्षा ड्यूटी में संलग्न कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णत: वर्जित

ग्वालियर: बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जो दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, उनका अक्षरश: पालन कर दसवीं व बारहवीं बोर्ड की परीक्षायें सम्पन्न कराएं। दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर केन्द्राध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी बैठक में दिए। उन्होंने जिले में परीक्षाओं को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार सहित संभागीय संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा दीपक पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशानुसार केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रतिनिधि व प्रेक्षकों की ड्यूटी रेंडम पद्धति से लगाई जायेगी। ड्यूटी में कोई परिवर्तन नहीं किया जायेगा। अत्यधिक आवश्यक होने पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल की अनुमति के बाद ही ड्यूटियों में कोई परिवर्तन किया जा सकेगा। पुलिस थाने से कड़ी निगरानी के बीच प्रश्न-पत्र के बॉक्स संबंधित परीक्षा केन्द्र तक पहुँचाए जायेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों एवं परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा।

ज्ञात हो मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के तहत हायर सेकेण्ड्री (12वी) की परीक्षायें 25 फरवरी से शुरू होकर 25 मार्च तक आयोजित होंगीं। इसी तरह हाई स्कूल (10वी) की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च तक चलेंगीं।बैठक में स्पष्ट किया गया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के तहत केन्द्र अध्यक्ष एवं कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि प्रश्न-पत्र का बॉक्स प्राप्त करने के लिये संबंधित पुलिस थाने में हर हाल में प्रात: 6 बजे तक पहुँचना होगा। साथ ही कलेक्टर प्रतिनिधि पुलिस थाने में पहुँचने के बाद सेल्फी लेंगे और उसे निर्धारित एप पर अपलोड करना होगा। इसी तरह परीक्षा केन्द्र पर पहुँचकर सेल्फी अपलोड करना होगी।ग्वालियर शहर में कुल 57 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केन्द्रों पर कुल 49 हजार 932 विद्यार्थी परीक्षायें देंगे। इनमें हाईस्कूल के 27 हजार 609 व हायर सेकेण्ड्री के 22 हजार 323 विद्यार्थी शामिल हैं। कुल विद्यार्थियों में 46 हजार 573 नियमित व 3 हजार 359 विद्यार्थी स्वाध्यायी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षायें देंगे।

Next Post

मंडी में नौकरी के नाम पर ठगी, पिता पुत्र ने मिलकर लगाया 4 लाख का चूना

Thu Feb 6 , 2025
ग्वालियर: एक पिता पुत्र ने मिलकर एक व्यक्ति से नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठग लिए. घटना के तार कृषि उपज मंडी से जुड़े हुए हैं, जहां आरोपी बाप-बेटे ने सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था. मुरैना जिले के सबलगढ़ के रहने वाले रोशन लाल जाटव से […]

You May Like