कूनो से फिर खुशखबरी : चीता ज्वाला ने 5 शावक जन्मे

श्योपुर। श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से फिर खुशखबरी आई है। नामीबियाई मादा चीता ‘ज्वाला’ ने आज 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही अब भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस जानकारी को साझा करते हुए इसे ‘प्रोजेक्ट चीता’ और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने लिखा कि कूनो में आने के बाद ज्वाला ने यहां के वातावरण को पूरी तरह अपना लिया है और वह पार्क की सबसे सफल मादा चीताओं में शुमार हो गई है।

ज्वाला उन आठ चीतों में शामिल थी, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2022 में कूनो में छोड़ा था। यह ज्वाला का तीसरा प्रसव है। इससे पहले उसने मार्च 2023 में पहली बार 4 शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से केवल एक मुखी ही जीवित बचा था। जनवरी 2024 में 3 शावकों को जन्म देने के बाद अब आज 9 मार्च को तीसरी बार 5 शावकों को जन्म दिया है।

*वन विभाग निगरानी में जुटा*

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ज्वाला और उसके पांचों नवजात शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। विशेषज्ञों की टीम सीसीटीवी और मैदानी निगरानी के जरिए शावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

*केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने लिखा : प्रोजेक्ट चीता के लिए गर्व का क्षण*

केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि प्रोजेक्ट चीता के लिए गर्व का क्षण है कि नामीबियाई चीता और तीसरी बार मां बनी ज्वाला ने आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ भारत में जन्मे स्वस्थ शावकों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है जो भारतीय धरती पर चीता के 10वें सफल शावक समूह का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह भारत की चीता संरक्षण यात्रा में एक और अहम उपलब्धि है। यह सफलता उन पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ और सभी संबंधित लोगों के समर्पण, कौशल और निरंतर मेहनत का परिणाम है, जो इस अभियान को धरातल पर सफल बनाने में जुटे हैं।इन नए शावकों के आगमन के साथ भारत में कुल चीतों की संख्या अब 53 हो गई है। वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक और हृदयस्पर्शी क्षण है। कामना है कि ज्वाला और उसके शावक स्वस्थ रहें और भारत की चीता कहानी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

Next Post

जन कल्याण समिति ने आयोजित किया रंगारंग कार्यक्रम

Mon Mar 9 , 2026
ग्वालियर। जन सहयोग जन कल्याण बहुउद्देशीय समिति ग्वालियर के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाह एवं महिला अध्यक्ष शशि सिंह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं रंग पंचमी पर होली मिलन समारोह एवं नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन कम्युनिटी हॉल कांच मिल रोड, स्व.देवेंद्र सिंह तोमर मार्ग बिरला नगर हजीरा पर आयोजित […]

You May Like