नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें इम्फाल-जिरीबाम राजमार्ग और इम्फाल-दीमापुर राजमार्ग से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को हल करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
श्री खेमचंद ने श्री गडकरी से एलीवेटेड हाईवे की परियोजना को जल्द मंजूरी देने का भी अनुरोध किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री गडकरी ने भी राज्य सरकार के इस अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
राष्ट्रीय राजमार्ग 37 (इम्फाल-जिरीबाम मार्ग) के संबंध में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को सूचित किया कि एक नए सर्वेक्षण के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने नोनी जिले में भूमि मुआवजे को मंजूरी दे दी है और वहां काम शुरू हो गया है। इम्फाल-दीमापुर राजमार्ग पर श्री खेमचंद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कांगपोकपी जिले के मामलों को सुलझा लिया गया है और राज्य मंत्रिमंडल द्वारा एक विशेष पैकेज को मंजूरी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने श्री गडकरी को यह भी बताया कि इम्फाल-उख्रुल-जेसामी राजमार्ग के लिए भूमि से जुड़े विवाद अभी भी बने हुए हैं और राज्य सरकार इस मामले के जल्द समाधान के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रही है।

