मंडला।मंडला जिले में जारी लगातार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सभी नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई जगहों पर आवागमन बाधित हो गया है। इसी बीच कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जो न केवल चौंकाने वाली हैं बल्कि जानलेवा भी। अंजनिया पुलिस चौकी अंतर्गत रविवार की ये ग्राम सीता रपटन की तस्वीरें कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जानकारी अनुसार अंजनिया से बम्हनी के बीच एक पुल पर पानी दो फीट ऊपर बह रहा था, जिसके चलते रास्ता बंद हो गया है। बावजूद इसके ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर उफनते नाले के बीच से लकड़ी पकड़ रहे है। इन लकडिय़ों को पकडऩे के लिए युवा, वृद्ध और बच्चे तक कमर तक पानी में उतर रहे हैं, मानो उन्हें अपनी जान की परवाह ही न हो। नदी का तेज बहाव किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे सकता है, लेकिन यह नजारा बेहद डरावना है।
बताया गया कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस दौरान मौके पर न तो कोई पुलिसकर्मी मौजूद था और न ही प्रशासन का कोई जिम्मेदार व्यक्ति, जो इन लोगों को समझा-बुझाकर खतरे से दूर रख सके। जबकि प्रशासन को लगातार बारिश और जलस्तर बढऩे की जानकारी होती है, ऐसे में बारिश से पहले ही सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना चाहिए था, जो मौके पर दिखाई नहीं दिया।
बताया गया कि प्रशासन की अनदेखी और आमजन की लापरवाही मिलकर कैसे बड़े हादसों को बुलावा दे रही है। इन तस्वीरों से स्पष्ट है कि लोगों को अपने जीवन से कोई सरोकार नहीं दिख रहा, और वे चंद लकडिय़ों के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। यह घटना प्रशासन की तैयारियों और लोगों में जागरूकता की कमी को उजागर कर रही है, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
