जबलपुर: पारे में उतार चढ़ाव के साथ सर्द हवाएं ठंडी का अहसास करवा रही है। दिन में जरूर धूप खिलने से ठंड से राहत है लेकिन शाम ढलने के साथ रातभर ठंड अपना असर दिखा रही है। सुबह कोहरे की चादर के साथ हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 83 और शाम को 57 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्व हवाएं 3 से 4 किमी की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग की माने तो एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में जम्मू के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर स्थित है। मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में एक ट्रफ मौजूद है, जिसकी धुरी औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊँचाई फैली हुई है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर, 222 किमी, घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाए बह रही है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
