
छतरपुर। पठापुर रोड क्षेत्र में देर रात एक 18 वर्षीय युवक पर दर्जन भर लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। घायल की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, पठापुर रोड गली नंबर-2 निवासी राज पाठक शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में घूम रहा था। इसी दौरान साहू की चक्की के पास पहले से घात लगाए बैठे मनीष कुशवाहा, नंदू कुशवाहा, पप्पू कुशवाहा, पुलाव दादा, चंदू कुशवाहा, चतुर कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और कट्टे की बट से राज के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए।
परिजनों ने बताया कि राज का हमलावरों से पुराना विवाद चल रहा था। बीती रात जब वह बाइक से जा रहा था, तभी एक आरोपी ने चलती बाइक पर डंडा फेंका, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और मौके से फरार हो गए। घायल युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
