अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा के संकल्प से गूंजा सैनिक स्कूल

मंदसौर। सैनिक स्कूल मंदसौर में नवप्रवेशित कैडेट्स के लिए ‘वर्दी सेरेमनी 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गार्ड ऑफ ऑनर एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संगठन मंत्री, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नई दिल्ली के श्री गोविन्द चन्द्र महंत तथा अध्यक्षता विद्या भारती मालवा प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष श्री प्रकाशचंद्र धनगर ने की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कैप सेरेमनी रहा, जिसमें अतिथियों एवं अभिभावकों ने नवप्रवेशित कैडेट्स को बेरेट पहनाकर उनके सैनिक जीवन की औपचारिक शुरुआत कराई। मुख्य अतिथि ने कैडेट्स को वर्दी धारण करने एवं राष्ट्ररक्षा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई।

कैडेट्स ने सैनिक स्कूल में प्रवेश से लेकर एनडीए तक के संभावित सफर, दैनिक दिनचर्या, कक्षाओं, पीटी, ड्रिल एवं विभिन्न गतिविधियों की जीवंत प्रस्तुति दी। राजस्थानी, पंजाबी एवं गरबा नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया।

मुख्य अतिथि श्री महंत ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभक्ति का भाव विद्यार्थियों के जीवन में आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्रसेवा के लिए तैयार होने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री धनगर ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य समाज एवं राष्ट्र के हित में लगाने की प्रेरणा दी।

अंत में अकादमिक हेड श्रीमती सीमा गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा एवं अनुशासन के संकल्प तथा सामूहिक वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्या भारती एवं भारतीय आदर्श शिक्षण समिति के पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य श्री अविनाश चतुर्वेदी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Next Post

एक व्यक्ति के नाम 32 सिम, 17 अब भी एक्टिव

Mon Aug 17 , 2026
पिपलियामंडी। एक व्यक्ति के नाम उसकी जानकारी के बिना 32 मोबाइल सिम जारी होने और इनमें से 17 सिम के अब भी चालू होने का मामला सामने आया है। पिपलियामंडी के टीलाखेड़ा निवासी कुलदीप पिता कैलाश मेघवाल ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। […]

You May Like