नयी दिल्ली 05 मई (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भारत और जापान की संयुक्त समिति की तीसरी बैठक के बाद मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और नई साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों की आपसी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि भारत और जापान के बीच स्वास्थ्य संबंधी संयुक्त समिति (जेसीएम) की तीसरी बैठक आज भारत मंडपम में आयोजित की गई। श्री नड्डा और जापान की स्वास्थ्य नीति प्रभारी मंत्री किमी ओनोदा ने मिलकर बैठक की अध्यक्षता की।
श्री नड्डा ने इस बात पर बल दिया कि यह बैठक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और नई साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों की आपसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी सहयोग ज्ञापन तथा स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में सुधार और स्वास्थ्य संबंधी क्षेत्र में बेहतर परिणामों के लिए नवाचार को बढ़ावा देने की साझा दृष्टि से निर्देशित है।
उन्होंने इस दौरान भारत और जापान के बीच एक सदी से अधिक समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों का उल्लेख किया जो विभिन्न क्षेत्रों में सहभागिता पर आधारित हैं और उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास” के मार्गदर्शक सिद्धांत के अंतर्गत समावेशी विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने जोर दिया कि संयुक्त समिति की बैठक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच है। सुश्री ओनोदा ने बैठक को संबोधित करते हुए नवाचार, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने में जापान की निरंतर भागीदारी पर बल दिया और इसके साथ ही द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

