तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार 2 की मौत


सतना: जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। गोदावरी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर यश मिश्रा (निवासी नरैनी, उत्तर प्रदेश) और हिमांशु सेन (निवासी आरोग्यधाम) सवार होकर अपने घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार का पहिया यश मिश्रा के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक यश मिश्रा चित्रकूट स्थित आरोग्यधाम में रहकर गुरुकुल विद्यालय में पढ़ाई करता था। हादसे में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सेन को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जानकीकुंड अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
 भाग रहे चालक को दबोचा
हादसे के बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और चित्रकूट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया है। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।

Next Post

पूरा हुआ सर्वे, 3 ज्वेलर्स ने सरेंडर किए 91 लाख

Tue Dec 2 , 2025
सतना : शहर के हनुमान चौक क्षेत्र में स्थित सराफा बाजार में जीएएसटी-एंटी इवेजन ब्यूरो की टीम द्वारा शुक्रवार को शुरु की गई कार्रवाई सोमवार को पूरी हो गई. इस दौरान 3 ज्वेलर्स फर्मों द्वारा कुल 91 लाख रु सरेंडर कर दिए गए. स्टॉक मिलान में लाखों का अंतर सामने […]

You May Like