नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की चुनाव तैयारी को तेज करते हुए शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक बुलाई है जिसमें विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति, चुनावी गठबंधन तथा अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श होगा।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार बैठक 17 जनवरी को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में होगी जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव (संगठन के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर और पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष सुभंकर सरकार, विधायक दल के नेता के साथ ही कई प्रमुख नेता बैठक में शामिल होंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण इस बैठक में शामिल होने की कम संभावना है।
बैठक में पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और कमियां दोनों का आकलन बूथ स्तर की तैयारी, प्रचार रणनीति और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों का कहना है कि इसके अगले दिन 18 जनवरी को कोलकाता में पार्टी की छानबीन समिति की बैठक होगी। कोलकाता में उस दिन होने वाली बैठकों में उम्मीदवार चयन, क्षेत्रीय संतुलन और चुनावी समन्वय जैसे मुद्दों पर विचार किया जा सकता है।
