
झाबुआ। राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता मप्र की राजधानी भोपाल में 4 जनवरी, रविवार को आयोजित होगी। जिसमें 30 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले रहे है। प्रतियोगिता अंतर्गत 100 मीटर, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 5 किमी तेज चाल, भाला फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, ट्रीपल जंप आदि स्पर्धा होगी। जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे।
इसी क्रम में जिले से गुड़ मॉर्निंग क्लब के 19 खिलाडिय़ों का दल गुड मॉर्निंग क्लब महिला इकाई अध्यक्ष प्रफुल्ल शर्मा के नेतृत्व में 3 जनवरी, शनिवार दोपहर 11 बजे गोपाल कॉलोनी स्थित गोपाल मंदिर से रवाना हुआ। खेल प्रशिक्षक कोमल बारिया ने भी खिलाडिय़ों को तैयारी करवाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। गोपाल मंदिर पर सर्वप्रथम सभी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया गया। महिलाओं की अधिक भागीदारी को देखते हुए मातृ शक्ति के जयघोष लगाए गए और प्रतीक के रूप में केक काटते हुए खुशियां मनाई गई। बड़ौदा (गुजरात) की पूर्व मेयर एवं गुजरात भाजपा महिला मोर्चे की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ज्योति पंड्या और पूर्व हॉकी खिलाड़ी भगवतीलाल शाह ने हरी झंडी दिखाकर खिलाडिय़ों को वाहन से रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व बड़ौदा महापौर डॉ. पंड्या ने कहा कि झाबुआ जैसे स्थान से महानगरों को भी सीख लेना चाहिए। यहां खिलाड़ी और इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं का खेलों में आगे आना प्रशंसनीय है। यहां खेलों और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन भी खूब दिया जाता है, जो अन्य स्थानों पर देखने को नहीं मिलता। खेल से मानसिक और शारीरिक स्वस्थ्य बेहतर होता है। पूर्व हॉकी खिलाड़ी शाह ने कहा कि खेल मैदान में ही नहीं बल्कि जीवन में भी हर स्थिति से मुकाबला करने का हौसला देता है। खिलाडिय़ों को उनकी मेहनत का फल निश्चित रूप से मिलेगा। खेल में भाग लेना ही बहुत बड़ी उपलब्धि होता है। इस दौरान वरिष्ठ चंद्रशेखर पंवार, मीना पंवार, रमिला त्रिवेदी, कीर्ति त्रिवेदी आदि ने भी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी।
दल में यह है शामिल
भोपाल जा रहे खिलाडिय़ों के दल में प्रफुल्ल शर्मा, अर्चना राठौर, पार्वती किराड, सीताराम डामोर, नविता गुप्ता, कुसुम कनेश, सुनीता अलावा, विनीता बारिया, मोना गुंडिया, दीपमाला भाबर, निर्मला गोयल, जगदीश परमार, सुलोचना चौहान, प्रतिभा चोरनीय आदि सम्मिलित है। सभी खिलाडिय़ों ने कहा कि वे भोपाल जाकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। गुड मॉर्निंग क्लब अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने खिलाडिय़ों के स्वागत कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि प्रतिदिन 60 मिनट हर किसी को मैदान पर देना चाहिए। गुड मार्निंग क्लब सभी को मैदान से जुडऩे की प्रेरणा देता रहता है।
