प्रधानमंत्री मोदी ने US ट्रेड डील को बताया भारतीय अर्थव्यवस्था की नई सुबह, एनडीए सांसदों को दिया सफलता का मंत्र, कहा- आलोचनाओं के बीच धैर्य से मिला ऐतिहासिक परिणाम

नई दिल्ली | मंगलवार को संसद परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सांसदों ने जोरदार स्वागत किया। यह सम्मान उन्हें अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ कम करने और सफल व्यापार समझौते के लिए दिया गया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब इस डील पर काम चल रहा था, तब कई लोग लगातार सरकार की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने सांसदों को गुरुमंत्र देते हुए कहा, “लोग आलोचना करते रहे, लेकिन हमने धैर्य रखा और आज उसी धैर्य का परिणाम सबके सामने है।” पीएम ने स्पष्ट किया कि वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति भरोसा अब अपनी चरम सीमा पर है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक में उन सात प्रमुख देशों की सूची साझा की, जिनके साथ मोदी सरकार ने सफल ट्रेड डील की है। इनमें यूएई, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, यूके, न्यूजीलैंड, यूरोपीय यूनियन और अब अमेरिका शामिल हैं। रिजिजू ने कहा कि इतनी महाशक्तियों का भारत के साथ हाथ मिलाना इस बात का प्रमाण है कि दुनिया को भारत की आर्थिक नीतियों पर अटूट विश्वास है। प्रधानमंत्री ने सांसदों से आह्वान किया कि अब समय ‘मेक इन इंडिया’ को नई ऊंचाई पर ले जाने का है। उन्होंने भारतीय कंपनियों को ‘क्वालिटी प्रोडक्ट’ बनाने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा ताकि भारतीय उत्पाद वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अव्वल रह सकें।

उपलब्धियों के जश्न के साथ प्रधानमंत्री ने सांसदों को उनकी जिम्मेदारियों का भी अहसास कराया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सांसद बजट 2026 की बारीकियों और यूएस ट्रेड डील से पैदा होने वाले रोजगार के अवसरों की जानकारी अपने-अपने क्षेत्रों की जनता तक पहुँचाएं। पीएम ने सांसदों को सदन की कार्यवाही में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने और चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का ‘होमवर्क’ भी दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि टैरिफ में कमी आने से भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार के दरवाजे खुल गए हैं, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

Next Post

उत्तराखंड के कालसी में भीषण सड़क हादसा, 30 यात्रियों से भरी हिमाचल रोडवेज की बस गहरी खाई में गिरी, कई मौतों की आशंका और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Tue Feb 3 , 2026
देहरादून | उत्तराखंड के देहरादून जिले में आज एक हृदयविदारक हादसा हो गया। कालसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुआनु-मीनाक रोड पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे और मोड़ पर […]

You May Like