आरक्षक वर्षा पटेल ने फतह किया माउंट एल्ब्रुस

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में जबलपुर में पदस्थ आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर सफलतापूर्वक आरोहण कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 21 अगस्त 2026 को सुबह 9.07 बजे 18,510 फीट (5,642 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित चोटी पर तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच वर्षा ने यह उपलब्धि हासिल की। उनके साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की पुलिस विभाग में सराहना की जा रही है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने वर्षा पटेल को बधाई देते हुए कहा कि इतनी चुनौतीपूर्ण चोटी पर सफलता हासिल करना पूरे पुलिस बल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वर्षा की उपलब्धि प्रदेश की महिला पुलिसकर्मियों और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी, लेकिन मौसम में लगातार बदलाव, तेज हवाओं और कड़ाके की ठंड के कारण दल को अनुकूल परिस्थितियों का इंतजार करना पड़ा। आखिरकार 20 और 21 अगस्त को चोटी पर पहुंचने का प्रयास किया गया और वर्षा ने सफलता हासिल की।

वर्षा को बचपन से ही खेल और पर्वतारोहण में रुचि रही है। वह राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी भी हैं और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2024 में वह ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी माउंट कोसियुस्को पर तिरंगा फहराने वाली मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं।

Next Post

झाकीयो का वर्षों पुराना सिलसिला इस बार भी पांच आकर्षक झांकियां निकाली

Tue Aug 25 , 2026
बागली, श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर नगर बागली मे रियासितकालीन परम्परानुसार जय शिवशंकर सेवा समिति के तत्वाधान मे भगवान भोलेनाथ की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई,जिसमे विघुत सज्जा व आर्कषक फूलो से सजी पांच आर्कषक झांकिया भी निकाली गई उक्त आकर्षक नयन विराम झांकियां मे सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग […]

You May Like