
सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 निर्माणाधीन फोरलेन कार्य शुरू करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकारण यानी एनएचएआई से आदेश जारी कर दिया गया है। यह सड़क 14 वर्षो से निर्माणाधीन है और यह तीसरी बार टेंडर जारी हुआ है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उक्त पत्र को सोशल मीडिया पर साझा किया है।
जानकारी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सीधी-सिंगरौली मार्ग एनएच 39 के उन्नयन और पुनर्वास कार्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्राधिकरण द्वारा 8 मई को जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत शेष कार्यों को शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। यह कार्य लगभग 105.59 किलोमीटर लंबाई में सड़क को फोरलेन में विकसित करने से जुड़ा है, जिसमें पक्के शोल्डर भी शामिल होंगे। आदेश में बताया गया कि अनुबंध की धारा 41.1 के तहत सक्षम प्राधिकारी ने आज 9 मई से कार्य प्रारंभ करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। गौरतलब है कि सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 निर्माणाधीन फोरलेन का कार्य वर्ष 2012-13 से चल रहा है। शुरूआती दौर में उक्त कार्य गैमन इंडिया कंपनी को मिला था।
जहां उसने टेक्नोयूनिक को कार्य सौपा था। किंतु गैमन इंडिया कार्य पूर्ण नही कर पाई और उसे 2020-21 में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके बाद दूसरी बार उक्त सड़क का टेंडर हुआ और शहडोल के टीव्हीसीएल कंपनी को कार्य मिला। यह उक्त कंपनी भी कार्य पूर्ण नही कर पाई, जहां पिछले वर्ष उक्त कंपनी को भी ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया। अब तीसरी बार उक्त सड़क को एनएचएआई ने काम लिया है और अब उक्त कार्य को शीघ्र शुरू कराने की कवायदे भी शुरू कर दी गई। यह भी बताते चले कि निर्माणाधीन सीधी-सिंगरौली फोरलेन कार्य को लेकर लगातार विपक्षी दल हमलावर हैं। वहीं निर्माणाधीन सड़क के चलते आये दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं। कहीं न कहीं उबड़-खाबड़ सड़क के चलते कई लोगों की जाने भी जा चुकी हैं। इसे नकारा नही जा सकता है। विपक्षी दल भाजपा के केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को उक्त सड़क के मामले में लगातार घेरते आ रहे हैं।
केसीसी बिल्डकॉन को मिला है कार्य
यहां बताते चले कि पिछले करीब 14 वर्षो से सीधी-सिंगरौली एनएच-39 निर्माणाधीन है। जहां तीसरी बार कार्य पूर्ण कराने के टेंडर हुआ और इस परियोजना का कार्य केसीसी बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है, जिन्हें आधिकारिक रूप से काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है। पत्र तुषार व्यास, महाप्रबंधक तकनीकी, मध्य प्रदेश डिवीजन, एनएचएआई द्वारा जारी किया गया है और इसे कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि शिवराज कुंडू को संबोधित किया गया है। इस सड़क के चौड़ीकरण से सिंगरौली और सीधी क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। लंबे समय से जाम और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे नाडिया बाजार सहित आसपास के इलाकों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह सड़क शीघ्र बनकर तैयार होगी: डॉ. राजेश
सोशल मीडिया में पोस्ट साझा करते हुये सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लिखा है कि आज मेरे सीधी संसदीय क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत प्रसन्नता का दिन है, मुझे सूचना प्राप्त हुई है कि सीधी-सिंगरौली सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 का कार्यादेश निर्माण एजेंसी को जारी कर दिया है। दूरभाष के माध्यम से सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी का धन्यवाद ज्ञापित किया हॅू। संविदाकार को निर्देशित किया है कि बिना किसी देरी के कार्य प्रारम्भ किया जाये। आप सभी को आश्वस्त करता हूॅ कि रेल लाईन की भांति ही इस कार्य की स्वयं निरन्तर निगरानी करूंगा और यह सड़क शीघ्र बनकर तैयार होगी।
