इंदौर: मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरस्कार 2024-25 में इंदौर वनवृत्त को प्रथम स्थान से सम्मानित किया. यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय जैवविविधता दिवस पर भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया.कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित विजेताओं को सम्मानित किया गया. जिसमें इंदौर वनवृत्त को पहुंच एवं लाभ प्रभाजन श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य के लिए पहला स्थान मिला.
वन विभाग द्वारा जैवविविधता संरक्षण और स्थानीय समुदायों को इससे जोड़ने के प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया. डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि वन विभाग की टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि जैवविविधता संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को इसके लाभ से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे. कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञों ने जैवविविधता संरक्षण के महत्व पर चर्चा की और इस क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की.
क्या है पहुंच एवं लाभ प्रभाजन श्रेणी…
जैवविविधता पुरस्कार की यह श्रेणी उन प्रयासों का मूल्यांकन करती है, जिनमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों को उससे मिलने वाले लाभ में भागीदारी सुनिश्चित की जाती है. इसके तहत वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जैव संसाधनों के उपयोग, संरक्षण और उससे होने वाली आय में शामिल किया जाता है. इंदौर वनवृत्त ने इस दिशा में बेहतर समन्वय, जागरूकता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए उल्लेखनीय कार्य किए, जिसके आधार पर उसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ
