इंदौर: शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने संजय सेतु क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जब्त की गई ब्राउन शुगर का वजन 36.39 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है।
इसके साथ ही एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। कुल कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवीलाल मीणा, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) बताया। उसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर और एक होंडा स्प्लेंडर दोपहिया वाहन बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को अधिक कीमत पर बेचता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिहाड़ी मजदूरी करता है और आठवीं कक्षा तक शिक्षित है।आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
