नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा मेट्रो फेज-4 के निर्माण कार्य में हुई प्रगति की समीक्षा की।
दिल्ली सरकार की विज्ञप्ति के अनुसार बैठक में डीएमआरसी और दिल्ली के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में डीएमआरसी के अधिकारियों ने फेज-4 के काम को पूरा करने में आ रही विभिन्न चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जमीन, पर्यावरण विभाग की स्वीकृति और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डॉ. सिंह ने मेट्रो विस्तार परियोजना को समय पर पूरा करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने डीएमआरसी को पर्यावरण के मानकों को का पालन करते हुए पेड़ लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिया। उन्होंने डीएमआरसी के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि मेट्रो फेज-4 में आने वाली सरकारी बाधाओं को दूर किया जाएगा और लंबित मुद्दों को स्वीकृति दिलाने में दिल्ली सरकार पूरा सहयोग देगी।
दिल्ली सरकार की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता के तहत परिवहन मंत्री ने वृक्षारोपण के लिए डीएमआरसी को अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने को कहा ताकि इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन भी बना रहे। उन्होंने डीएमआरसी को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों की खाली जमीनों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
डॉ सिंह ने मेट्रो फेज-4 के अंतर्गत वित्तीय और अन्य जरूरी आवश्यकताओं का संज्ञान लिया और इसके अन्तर्गत महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने के लिए सभी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
परिवहन विभाग ने दिल्ली के सार्वजनिक परिहवन नेटवर्क को मजबूत करने, सार्वजनिक कनेक्टिविटी में सुधार करने और जनता को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि, सरकार दिल्ली मेट्रो के विस्तार को पूर्ण सहयोग देती रहेगी ताकि दिल्ली के नागरिकों को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं मिल सकें।
