
रीवा, नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.
इसी क्रम में नगर निगम कन्या स्कूल में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी के नेतृत्व में अन्नशेष वेलफेयर सोसायटी के बच्चों एवं नगर निगम की टीम ने मिट्टी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं बनाकर शहरवासियों को ईको फ्रेंडली गणेश उत्सव मनाने का संदेश दिया. कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से भगवान श्री गणेश के अलग-अलग स्वरूपों की आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया तथा नागरिकों से अपील की कि आगामी गणेश चतुर्थी पर अपने घरों में मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल प्रतिमा ही स्थापित करें. इस अवसर पर उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने बच्चों को मिट्टी की प्रतिमाओं के लाभ बताते हुए कहा कि ये प्रतिमाएं विसर्जन के बाद प्राकृतिक रूप से पर्यावरण में समाहित हो जाती हैं, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलती है. उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव हमारी आस्था एवं संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, इसे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. कार्यक्रम के अंत में प्रतिमाएं बनाने वाले बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
