पुराना अस्पताल बना कबाड़ चोरों का निशाना

सिंगरौली । जिला न्यायालय बैढ़न के ठीक सामने स्थित पुराना जिला चिकित्सालय अब अपनी बदहाली के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का भी बड़ा उदाहरण बन गया है। भवन से सैकड़ों की संख्या में खिड़की, दरवाजे, जालियां और अन्य लोहे का सामान गायब होने की बात सामने आ रही है। वर्षों से चली आ रही इस स्थिति के बावजूद जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञात हो कि वर्ष 2019 से जिला चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर का संचालन एनसीएल ग्राउंड बिलौंजी से किया जा रहा है। इसके बाद पुराने अस्पताल भवन को नगर निगम को सौंप दिया गया था। बताया गया कि यहां व्यावसायिक प्लाजा विकसित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन योजना का आगे क्या हुआ, इसकी स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है। दूसरी ओर देखरेख के अभाव में भवन धीरे-धीरे खंडहर में बदल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले चार-पांच वर्षों के दौरान भवन में लगे बड़ी संख्या में दरवाजे, खिड़कियां, जालियां और लोहे के अन्य सामान गायब हो चुके हैं। चोरी कब हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन यह सवाल जरूर उठ रहा है कि मुख्य मार्ग पर लगातार आवाजाही वाले इलाके में इतना सामान कैसे निकल गया। बताया जाता है कि मुख्य सड़क से महज कुछ दूरी पर अस्पताल की बाउंड्री शुरू हो जाती है। दिन में यहां आवाजाही रहती है, जबकि रात में भी यह मार्ग पूरी तरह सुनसान नहीं रहता। इसके बावजूद भवन के भीतर लगातार टूट-फूट और सामान गायब होने की स्थिति पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

शराबियों एवं अराजक तत्वों का बना है अड्डा

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराना अस्पताल परिसर अब असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। रात के समय परिसर में क्या गतिविधियां होती हैं, इसकी नियमित जांच या गश्त दिखाई नहीं देती। इसी का फायदा उठाकर कबाड़ चोरों द्वारा सामान निकाल ले जाने की आशंका जताई जा रही है। नगर निगम को सौंपी गई संपत्ति की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी किसकी है, यह भी स्पष्ट किया जाना जरूरी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी की जाती तो भवन की खिड़की-दरवाजे और लोहे का सामान इस तरह गायब नहीं होता। मामले में कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़ा प्रश्नचिन्ह लग रहा है। हालांकि पिछले करीब तीन वर्षो से बैढ़न क्षेत्र में कबाड़ चोरों का बोलबाला है।

बैढ़न में कबाड़ चोरों का बढ़ता दुस्साहस

बैढ़न क्षेत्र में सरकारी और सार्वजनिक परिसंपत्तियों से लोहे का सामान चोरी होने की घटनाओं ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनियारी व्यावसायिक प्लाजा से शुरू हुआ चोरी का सिलसिला अब पुराने जिला अस्पताल तक पहुंचने की चर्चा है। अंबेडकर चौक के उक्त प्लाजा कोतवाली से करीब 300 मीटर की दूरी पर है। यहां दुकानों में लगे 150 से अधिक लोहे के शटर चोरी होने की जानकारी सामने आई है। खास बात यह है कि चोरी का सिलसिला अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। ननि द्वारा करीब 1 वर्ष पहले कोतवाली पुलिस को शिकायत दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाने से चंद कदमों की दूरी पर लगातार लोहे के शटर चोरी हो सकते हैं तो शहर के सुनसान और पुराने भवन कबाड़ चोरों के लिए आसान निशाना बनना स्वाभाविक है।

Next Post

खेल प्रतिभाओं से विधायक ने की मुलाकात

Sun Sep 13 , 2026
सिंगरौली। सदर विधायक रामनिवास शाह ने बिलौंजी स्थित विधायक कार्यालय में वुशू एसोसिएशन ऑफ सिंगरौली के कोच एवं खिलाड़ि़यों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने खिलाड़ियों से उनके प्रशिक्षण, आगामी प्रतियोगिताओं और तैयारियों को लेकर विस्तार से संवाद किया। मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण और खेल से […]

You May Like