
रीवा। लोकायुक्त पुलिस रीवा ने ग्राम पंचायत सचिव को एक हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 15 सौ रूपये की रिश्वत मांगी गई थी. आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहडोल जिले के गोहपारू जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गोहपारू सचिव द्वारा शिकायतकर्ता से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 15 सौ रूपये की रिश्वत मांगी गई थी. शिकायतकर्ता धीरेन्द्र कुमार सिंह निवासी ग्राम टेटकी द्वारा दुकान में विद्युत मीटर लगाने हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र की मांग ग्राम पंचायत सचिव से की थी. जिस पर सचिव मंगल यादव ग्राम पंचायत गोहपारू द्वारा 15 सौ रूपये रिश्वत की मांग की गई. जिसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय रीवा में की गई. पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार ने शिकायत की जांच कराई. जिसमें पाया गया कि आरोपी ने रिश्वत के तौर पर पांच सौ ले लिये थे और एक हजार रूपये लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत गोहपारू कार्यालय बुलाया था. जैसे ही शिकायतकर्ता एक हजार रूपये लेकर शाम को पहुंचा उसी समय लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया. यह कार्यवाही डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई. साथ में 12 सदस्यीय टीम मौजूद रही. लोकायुक्त एसपी रीवा सुनील पाटीदार ने बताया कि एक हजार की रिश्वत लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव को पकड़ा गया है. सचिव मंगल यादव द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने रिश्वत की मांग की थी और पांच सौ पहले ले चुका था. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
