मान के मुद्दे पर स्पष्टीकरण दें केजरीवालः भाजपा

नयी दिल्ली 02 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के घर पंजाब पुलिस की ओर से छापा मारे जाने की निंदा की है और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के शराब के नशे में धुत होकर विधानसभा सभा में जाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी और श्री केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज, पंजाब पुलिस ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के घर पर छापा मारने की कोशिश की। हम पंजाब सरकार से यह सवाल पूछना चाहते हैं कि एक ऐसा राज्य जहाँ कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी इतनी लचर है कि आपकी पुलिस न ड्रग वालों को पकड़ पा रही है। पवित्र हरमंदिर साहिब के गेट पर गोली चल जाती है। जहां पर पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पर हमला हो जाता है, लेकिन वहां पर स्थिति पर नियंत्रण न करके श्री पाठक के घर छापा मारा जाता है। ऐसा क्यों किया जाता है।”

उन्होंने कहा, “मेरा सवाल श्री केजरीवाल से है, जो खुद को इस ‘नई राजनीति’ का अलंबरदार बताते हैं, पंजाब विधानसभा में विपक्ष ने कल ही मुख्यमंत्री भगवंत मान पर एक गंभीर आरोप लगाया था, जिसमें उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया था। इसके बारे में भी श्री केजरीवाल को स्पष्टीकरण देनी चाहिए। ” उन्होंने आप और पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “कागज का है लिबास, चिरागों का शहर है,चलना संभल-संभल के, क्योंकि तुम नशे में हो।”
गौरतलब है कि हाल ही में आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए श्री पाठक के खिलाफ पंजाब पुलिस ने गैर जमानती धाराओं को तहत दो प्राथमिकी दर्ज की है। सूत्रों के मुताबिक इस सिलसिले में पंजाब पुलिस शनिवार को दिल्ली में श्री पाठक के सरकारी आवास पर पहुंची थी, लेकिन वह अपने आवास के पिछले दरवाजे से निकल गये।

Next Post

श्रीलंका की महिला टीम ने टी-20 सीरीज में बंगलादेश का किया सूपड़ा साफ

Sat May 2 , 2026
सिलहट (बंगलादेश) 02 मई (वार्ता) कप्तान चामरी अटापट्टू ( 41 रन और दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका महिला टीम ने शनिवार को बारिश से प्रभावित तीसरे टी-20 मुकाबले में बंगलादेश को तीन रनों से शिकस्त दी।इसी के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने […]

You May Like