श्रीलंका की महिला टीम ने टी-20 सीरीज में बंगलादेश का किया सूपड़ा साफ

सिलहट (बंगलादेश) 02 मई (वार्ता) कप्तान चामरी अटापट्टू ( 41 रन और दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका महिला टीम ने शनिवार को बारिश से प्रभावित तीसरे टी-20 मुकाबले में बंगलादेश को तीन रनों से शिकस्त दी।इसी के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। आज यहां बंगलादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वर्षा प्रभावित मुकाबला (नौ-नौ ओवर) में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका के लिए कप्तान चामरी अटापट्टू और इमेशा दुलानी की जोड़ी ने पहले विकेट लिये 43 रन जोड़े। चौथे ओवर में सुल्ताना खातून ने इमेशा दुलानी को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इमेशा दुलाने ने 10 गेंदों में चार चौकों की मदद से 19 रन बनाये। इसके बाद तेजी से रन बनाने के प्रयास में श्रीलंकाई बल्लेबाजी लड़खडा गई। कविशा दिलहारी (15) रन बनाकर आउट हुई। कप्तान अटापट्टू एक छोर थामे रन बनाती रही। वह पारी के आखिरी ओवर में रनआउट हुई। उन्होंने 27 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 41 रनों की पारी खेली। श्रीलंका के चार बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। श्रीलंका की टीम ने निर्धारित नौ ओवरों छह विकेट पर 87 रन बनाये।

बंगलादेश के लिए सुल्ताना खातून ने तीन विकेट लिये । संजीदा अख्तर मेघला ने एक बल्लेबाज को आउट किया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश टीम निर्धारित नौ ओवर में छह विकेट पर 84 रन ही बना सकी और मुकाबला तीन रनों से हार गई। सोभना मोस्तारी ने बंगलादेश के लिए सर्वाधिक( 21) रन बनाये। जुआरिया फिरदौस (15) और कप्तान निगार सुल्ताना (13) रन बनाकर आउट हुई। बंगलादेश के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।
श्रीलंका के लिए सुगंधिका कुमारी और चामरी अटापट्टू ने दो-दो विकेट लिये। निमाशा मीपेज और मिताली अयोध्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

दर्जन भर निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नई नियुक्तियां, ओम जैन बने गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष

Sat May 2 , 2026
भोपाल। राज्य सरकार ने निगम-मंडलों और विभिन्न प्राधिकरणों में कई अहम पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इस फैसले के तहत उज्जैन के भाजपा नेता ओम जैन को मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। जैन को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करीबी […]

You May Like