सिंगरौली: बैढ़न स्थित विंध्यनगर रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की लूट के बाद पूरे जिले में सख्त नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ाते हुए संदिग्ध वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे और फायरिंग कर कर्मचारियों को बंधक बनाकर दो बैग में नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग अभियान चला रही हैं। शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर हर वाहन की तलाशी ली जा रही है।
