पटना, 29 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सर्जिकल स्ट्राइक दिवस के अवसर पर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देने वाले भारतीय वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले राष्ट्रवीरों के प्रति देश सदैव ऋणी रहेगा।
श्री चौधरी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि “सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देने वाले भारतीय वीर जवानों को कोटि-कोटि नमन!”
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित और बलिदान देने वाले राष्ट्रवीरों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के साथ भारतीय सेना के जवानों की तस्वीर साझा करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक दिवस को भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीरता का प्रतीक बताया।
उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारतीय सेना ने 28-29 सितंबर 2016 की रात जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक की थी। यह कार्रवाई 18 सितंबर 2016 को उरी में सेना के शिविर पर हुए आतंकवादी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 19 जवान शहीद हुए थे।
