
इंदौर. चोइथराम मंडी क्षेत्र में चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई. देखते ही देखते कार धधकने लगी और चालक अंदर ही फंस गया. आग की चपेट में आने से वह करीब 40 प्रतिशत झुलस गया. कार में रखे नकदी के कुछ नोट भी जल गए.
घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना जोन 4 प्रभारी सुमित बिलोनिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे. आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जेपी तिवारी ने कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला. उसकी हालत गंभीर थी. पुलिसकर्मियों ने मौके पर सीपीआर दिया और लोडिंग रिक्शा की मदद से उसे तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया, घायल का उपचार जारी है. घटना की जानकारी मिलने पर यातायात डीसीपी ने टीम की कार्रवाई की सराहना की.
मामले में डीसीपी यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मौके की स्थिति को देखते हुए टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की. पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाकर घायल को बाहर निकाला और तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई.
कांच तोड़कर निकाला, लोडिंग रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया
कार में आग लगने के बाद चालक अंदर फंस गया था, ट्रैफिक पुलिस ने कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला. एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिसकर्मियों ने घायल चालक को लोडिंग रिक्शा में बैठाकर तत्काल अस्पताल रवाना किया. इस दौरान पुलिसकर्मी उसके साथ रहे और अस्पताल पहुंचकर उपचार शुरू कराया.
