खड़े ट्रक से भिड़ी लोडिंग पिकअप, दो की मौत

सीहोर/ भैरूंदा। सीहोर मार्ग पर ग्राम सिंहपुर के पास खड़े ट्रक में पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप लोडिंग वाहन टकरा गया. इस हादसे में पिकअप के आगे के हिस्से के परखचे उड़ गए. जिससे पिकअप के चालक और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों बुरी तरह वाहन में फंस गए थे. कटर मशीन से गेट काटकर बाहर निकाला जा सका. पिकअप में जिस भैंस को ले जा रहे थे, उसकी भी मौत हो गई.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपालपुर थाना के सिराली निवासी 22 वर्षीय अजय पिता ज्ञानसिंह बारेला और भैरुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरी का सीताराम पिता कैलाश बारेला बोलेरो पिकअप लोडिंग वाहन से भैंस लेकर जा रहे थे. बताया जाता है कि सिंहपुर के पास अंधेरे में वाहन का संतुलन बिगड़ा और सीधे सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गया. बताया जाता है कि ट्रक चालक सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर ढाबे पर भोजन करने गया था. इस हादसे में अजय और सीताराम की घटना स्थल पर मौत हो गई. वाहन में मौजूद एक भैंस की भी जान चली गई. हादसे के बाद सड़क से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी. इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से पिकअप को सड़क के किनारे किया. तब कहीं यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.

पिकअप का अगला हिस्सा चकनाचूर

सड़क किनारे खड़े ट्रक से पिकअप की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे से पिकअप पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. उसके कलपूर्जे तक दूर सड़क पर बिखर गए थे. पिकअप का ड्राइवर और उसका साथी दोनों बुरी तरह फंस गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद कटर मशीन से पिकअप के गेट को काटा गया. तब जाकर मृतकों को बाहर निकाला जा सका. वहीं घटना की सूचना मिलते ही लाड़कुई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. उन्हें निकालकर ट्राली से पोस्टमार्टम के लिए भैरूंदा सिविल अस्पताल भेजा गया.

दो माह की अवधि में हुए 180 सड़क हादसे

दो महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों की बात करें तो कुल 180 सड़क हादसे हुए. इनमें केवल अक्टूबर की बात करें, तो जिलेभर में कुल 89 सड़क हादसे हुए. इनमें 18 लोगों की मौत हो गई थी और 77 लोग घायल हो गए थे. इसी तरह सितंबर माह में कुल 91 सड़क हादसे हुए जिनमें 24 की मौत हो गई थी जबकि 87 घायल हो गए थे. जिले में सड़क हादसों का ग्राफ किस कदर बढ़ रहा उसकी हकीकत जिले में बीते 10 दिनों में हुई पांच लोगों से देखी जा सकती है. पिछले सप्ताह ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण गुराड़ी गांव में एक शिक्षक और दूसरे ऑनलाइन का काम करने वाले युवक की जान चली गई थी. इसी तरह से सीहोर के सोया चौपाल के पास कार की टक्कर से एक युवक और अब वापस दो लोग काल के गाल में समा गए हैं.

Next Post

मेयर के पति पर 12 लाख 63 हजार की पेनाल्टी

Mon Nov 24 , 2025
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के मेयर के पति पर संपत्ति कर में चोरी करने का आरोप इन दिनों चर्चाओं में है। भाजपा पार्षद के शिकायत पर जांच परीक्षण उपरांत ताली एवं बिलौंजी में करीब 12 लाख 63 हजार रूपये की पेनाल्टी मेयर के पति प्रेम अग्रवाल पर नगर निगम […]

You May Like

Play sound