
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के मेयर के पति पर संपत्ति कर में चोरी करने का आरोप इन दिनों चर्चाओं में है। भाजपा पार्षद के शिकायत पर जांच परीक्षण उपरांत ताली एवं बिलौंजी में करीब 12 लाख 63 हजार रूपये की पेनाल्टी मेयर के पति प्रेम अग्रवाल पर नगर निगम ने लगाया है। दोनों जगह प्रेम अग्रवाल की लकड़ी की टाल है।
दरअसल वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद आशीष बैस ने ननि अध्यक्ष के साथ-साथ निगमायुक्त के यहां शिकायत किया था कि महापौर रानी अग्रवाल के पति प्रेम अग्रवाल बिलौंजी एवं ताली में संपत्ति कर में गड़बड़झाला कर रहे हैं। प्रेम अग्रवाल सपंत्ति कर कम जमा कर रहे हैं। पार्षद के शिकायत पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 बैढ़न में स्थित संपत्ति का निरीक्षण दल द्वारा परीक्षण किया गया। जिसमें ननि के निरीक्षण दल ने पाया कि उक्त संपत्ति का संपत्ति कर प्रति वर्ष 49153 रूपये निर्धारित हो रहा है। जहां प्रेम अग्रवाल द्वारा जमा की गई राशि से अधिक हो रही है। निरीक्षण दल ने यह भी पाया कि वर्ष 2019-20 से वर्ष 2023-24 के अंतर की राशि 123590 तथा वर्ष 2024 से 26 तक बकाया राशि 99289 होती है। म.प्र. नगर निगम (भवनों/भूमियों का वार्षिक भाड़ा मूल्य का अवधारण) नियम 1997 के अधीन वर्णित प्रावधानों के अंतर्गत कुल अंतर की राशि 123590 रूपये का पेनाल्टी 617950 कुल 840829 रूपये सात दिवस के अंदर जमा करने के निर्देश हैं। नगर निगम के यहां से प्रेम अग्रवाल को सात दिवस के अंदर नगर निगम कोष में राशि जमा करने के लिए नोटिस दी गई है। नगर निगम के इस कार्रवाई से पिछले दो दिनों से चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कानून सब के लिए समान है : आशीष
पार्षद अशीष बैस ने कहा कि कानून सभी के लिए एक समान है। मेयर के पति द्वारा नगर निगम के संपत्ति कर की चोरी की जा रही थी। निरीक्षण से यह बात पता भी चल गया है और नगर निगम के द्वारा बिलौंजी एवं ताली, लकड़ी का टाल संपत्ति में की जा रही गड़बड़ी में पेनाल्टी की नोटिस जारी की गई है। संपत्ति कर की जो भी गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ नगर निगम अमला जांच कर कार्रवाई करेगा। यहां बताते चले कि पिछले कुछ दिनों से महापौर रानी अग्रवाल विवादों में घिरी हुई हैं। उपयंत्री के बहाली के संबंध में एमआईसी की बैठक में अन्य में जोड़े गये प्रस्ताव से आयुक्त ने कड़ा पत्र लिखकर ननि के अधिनियमों से अवगत कराया गया था।
बिलौंजी की संपत्ति पर 4 लाख 22 हजार की पेनाल्टी
नगर निगम के राजस्व अधिकारी के द्वारा प्रेम अग्रवाल को नोटिस जारी की गई है, जिसमें वार्ड क्रमांक 42 बिलौंजी में स्थित संपत्ति कर के संबंध में है। यहां बताते चले कि प्रेम अग्रवाल का बिलौंजी में लकड़ी की टाल है। यहां का संपत्ति कर प्रति वर्ष 69783 रूपये निर्धारित है। जहां जमा की गई राशि से अधिक हो रही है। नोटिस में इस बात का उल्लेख है कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के अंतर की राशि 46875 तथा वर्ष 2024 से 2025-26 तक बकाया राशि 140962 रूपये होता है। जहां कुल अंतर की राशि 46875 रूपये का पेनाल्टी 234375 कुल 422212 रूपये सात दिवस के अंदर नगर निगम के कोष में जमा करने के लिए कहा गया है, अन्यथा नगर निगम वर्णित प्रावधानों के अंतर्गत वसूली की कार्रवाई करेगा।
