ट्रम्प से पहले जैलेंस्की नै कनाडा के प्रधानमंत्री से मुलाकात की

ओटावा, 28 दिसंबर (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की यूक्रेन संकट को खत्म करने के मकसद से अमेरिका की यात्रा पर जाने से पहले कनाडा में रुक कर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मिले हैं।

उन्होंने शनिवार को अमेरिका के फ्लोरिडा शहर जाने के क्रम में कनाडा के हैलिफैक्स शहर में रुक कर यह मुलाकात की।

प्रधानमंत्री की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, श्री कार्नी और श्री जेलेंस्की ने चल रही शांति वार्ता में ताजा घटनाक्रम पर द्विपक्षीय बैठक की। श्री कार्नी ने आश्वस्त किया कि यूक्रेन को कनाडा का ‘पूरा समर्थन’ है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, श्री जेलेंस्की रविवार को फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित मार-ए-लागो एस्टेट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ ’20-बिंदुओं की शांति योजना’ पर चर्चा करेंगे।

सीबीसी न्यूज ने श्री जेलेंस्की के हवाले से लिखा है, “आने वाले दिनों में यूक्रेन और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय स्तर पर और साथ में हमारे ‘इच्छुक साझेदारों के गठबंधन के साथ’ मिलकर बहुत कुछ किया जा सकता है। यह बहुत जरूरी है कि हम मिलकर और रचनात्मक तरीके से यूक्रेन की रक्षा क्षमता को मजबूत करें। अपनी अग्रिम मोर्चे की स्थितियों को सुदृढ़ करें और बातचीत की प्रक्रिया की प्रभावशीलता को बढ़ाने की यूक्रेन की क्षमता को और सशक्त करें।”

उन्होंने कहा, “रूस आनाकानी कर रहा है और समय बर्बाद करने की कोशिश कर रहा है।”

श्री जेलेंस्की का कनाडा दौरा शुक्रवार को कार्नी से फोन पर बातचीत के बाद हुआ। प्रधानमंत्री की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, श्री कार्नी ने “यूक्रेन के लोगों के लिए न्यायसंगत और स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए श्री जेलेंस्की के निरंतर प्रयासों की सराहना की और सर्दी में मौसम में रूसी आक्रमण का सामना करने के लिए यूक्रेनी लोगों के साहस की प्रशंसा की।”

 

 

Next Post

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में भारत की ऐतिहासिक खेल सफलता की तारीफ की

Sun Dec 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने महीने के रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 129वें एडिशन में देश को संबोधित करते हुए भारत की खेल उपलब्धियों पर ज़ोर दिया। 2025 को भारतीय खेलों के लिए एक यादगार साल बताते हुए, प्रधानमंत्री ने अलग-अलग डिसिप्लिन […]

You May Like