भीषण गर्मी के चलते नर्सरी से 5वीं तक स्कूलों में अवकाश घोषित

छतरपुर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अनुदान प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों को लू और तेज धूप से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से लिया है। हालांकि अवकाश अवधि के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों और अन्य स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। इसी के चलते मध्यप्रदेश के कई जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं। उज्जैन, सागर, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम और शिवपुरी सहित कई जिलों में भी नर्सरी से लेकर 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को 30 अप्रैल तक अवकाश दिया गया है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 15 जून 2026 तक रहेगा। ऐसे में बच्चों को अब लगातार लंबी छुट्टियों का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को तेज धूप में बाहर न निकलने की सलाह भी दी है।

Next Post

टीएल बैठक मे अनुपस्थित एनएचएआई के पीडी सहित तीन को नोटिस

Mon Apr 27 , 2026
सागर । मध्य प्रदेश के सागर जिले की कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं बैठक से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही आदेशित किया […]

You May Like