
सिंगरौली। सदर विधायक रामनिवास शाह ने बिलौंजी स्थित विधायक कार्यालय में वुशू एसोसिएशन ऑफ सिंगरौली के कोच एवं खिलाड़ि़यों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने खिलाड़ियों से उनके प्रशिक्षण, आगामी प्रतियोगिताओं और तैयारियों को लेकर विस्तार से संवाद किया।
मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण और खेल से जुड़े अनुभव साझा किए। विधायक रामनिवास शाह ने खिलाड़ियों के उत्साह, समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लगन जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि सिंगरौली में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मंच और पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सिंगरौली का नाम रोशन करें, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस अवसर पर वुशू एसोसिएशन के कोच एवं खिलाड़ी मौजूद रहे। विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
