
नीमच। गणेशोत्सव की स्थापना से ठीक पहले नीमच शहर के महू रोड स्थित डी-मार्ट के समीप किराए के भूखंड पर चल रहे एक बड़े गणेश मूर्ति कारखाने पर भारी हंगामा खड़ा हो गया है। यहाँ कई सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों के ऑर्डर पर मूर्तियाँ तैयार कर रहा मुख्य मूर्ति कारीगर गोविंद पाल कर्मचारियों सहित रात्रि से गायब है।
कुछ आयोजको द्वारा गणेश मुर्त्री की डिलीवरी को लेकर तकाजा किये जाने के बाद नीमच शहर के कई आयोजक मंडल के सदस्य कारखाने में इक_े हो गए. राजस्थान के नाथद्वारा और भीलवाड़ा आदि क्षेत्रों से आए गणेश उत्सव आयोजकों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी कारखाने पर लग गया। मौके पर स्थिति को बिगडऩे से रोकने के लिए कैंट थाना पुलिस बल तैनात किया गया है।
पांडाल आयोजकों से विवाद और मारपीट की भी चर्चा
मौके पर मौजूद आयोजकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बीच इस बात की पुरजोर चर्चा है कि बीती रात किसी आयोजक मंडल का समय पर ओरादर कम्प्लीट ना हो पाने की चिंता के चलते कारीगर गोपाल से विवाद हो गया… बताया जा रहा है कि समय पर मूर्ति तैयार न होने की बात पर आयोजकों ने मूर्तिकार के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से घबराकर मूर्तिकार और उसके साथी देर रात ही कारखाना छोडक़र कहीं चले गए।
फिनिशिंग के इंतजार में पड़ी हैं दर्जनों प्रतिमाएं
कारखाने के भीतर का नजारा देख आयोजकों की चिंता और बढ़ गई है। परिसर में नीमच व अन्य शहरों के गणेश पांडालों के लिए बुक की गई दर्जनों छोटी-बड़ी प्रतिमाएं रखी हुई हैं। इनमें से कई मूर्तियों पर फिनिशिंग टच (अंतिम रंग-रोगन) बाकी है, तो कई अधूरी पड़ी हैं, और कुछ स्थापना के लिए तैयार हैं। चूँकि 14 सितंबर को ही गणेश चतुर्थी पर गणपति बाप्पा की स्थापना होनी है, ऐसे में एन वक्त पर मूर्तियां अधूरी रहने से आयोजन समितियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
कैंट पुलिस कर रही पड़ताल
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नीमच कैंट थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और भीड़ को शांत कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस मूर्तिकार गोविंद पाल के मोबाइल नंबर व उसके अन्य संपर्कों के माध्यम से उसकी तलाश कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह मारपीट के डर से छिपा है या कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस आयोजकों से बातचीत कर समस्या के समाधान और मूर्तियों की वक्त पर डिलीवरी को लेकर रास्ता निकालने में जुटी है।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा के अनुसार, किसी विवाद के कारण नहीं बल्कि ऑर्डर का काम समय पर पूरा न हो पाने से मूर्तिकार गोविंद पाल फिलहाल गैरमौजूद है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है और सभी आयोजकों को समय पर मूर्तियाँ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
