
मोबाइल छीनने के बाद कूदकर भागा बदमाश
भोपाल, 8 जनवरी. इंदौर पटना एक्सप्रेस में कानपुर की यात्रा कर रहे एक युवक का बदमाश ने मोबाइल फोन छीन लिया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकला. घटना के समय फरियादी स्लीपर कोच के गेट पर खड़ा हुआ था. इधर कई अन्य यात्रियों की जेब से कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गए. जीआरपी ने सभी मामलों में केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार विक्रमपुर निवासी अमित श्रीवास्तव इंदौर पटना एक्सप्रेस में इंदौर से कानपुर की यात्रा कर रहे थे. उनका रिजर्वेशन स्लीपर कोच के एस-5 में था. रेलवे स्टेशन संत हिरदाराम नगर से ट्रेन चलने के कुछ देर बाद धीमी हुई. उस वक्त वह कोच के गेट पर खड़े हुए थे. इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और चलती हुई ट्रेन से कूदकर भाग निकला. लूटे गए मोबाइल की कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है. जीआरपी ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. इधर ग्वालियर विनय परिहार बिलासपुर भगत की कोठी से सीहोर से भोपाल की यात्रा जनरल कोच में कर रहे थे. ट्रेन में चढऩे के बाद उन्होंने देखा तो जेब में रखा सैमसंग और वीवो कंपनी के 2 मोबाइल फोन गायब थे. चोरी गए मोबाइलों की कीमत 20 हजार रुपए बताई गई है. घटना के दौरान किसी ने चैन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन रुक गई थी. इस बीच विनय ट्रेन से उतरे और सीहोर जीआरपी चौकी पहुंचकर शिकायत की. डायरी आने के बाद भोपाल जीआरपी ने असल कायमी कर बदमाों की तलाश शुरू कर दी है. जेब से 30 हजार का मोबाइल निकाला भोपाल निवासी रोशन सक्सेना अपने पिता को ट्रेन में बिठाने के लिए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. उनके पिता छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से दुर्ग जा रहे थे. प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर ट्रेन आकर रुकी तो रोशन ने पिता को कोच नंबर बी-4 में चढ़ा दिया. वह सामान रखने के लिए कोच के अंदर गए थे. इसी दौरान किसी ने रोशन की जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया. चोरी गए मोबाइल की कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है. स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद रोशन जीआरपी रानी कमलापति स्टेशन पहुंचे और मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
