
पिपलियामण्डी। पुलिस ने बिना नम्बर की कार से डोडाचूरा तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं एक फरार है। जानकारी के अनुसार मल्हारगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को प्रातः 11 बजे करीब पहेडा – आकली मार्ग पर नाकाबंदी कर एक सफेद रंग की बिना नम्बर की वेगनआर कार को रोका, तलाशी के दौरान कट्टों में भरा डेढ़ क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान दौरवाड़ी निवासी वीरेन्द्रसिंह पिता कालूसिंह व आकली निवासी दशरसिंह पिता मदनसिंह होना बताई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर डोडाचूरा व कार जब्ती में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मल्हारगढ़ टीआई राजेन्द्र पंवार ने बताया पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह उक्त डोडाचूरा आरडी निवासी रोड़सिंह से लाए थे। पुलिस ने रोड़सिंह को भी आरोपी बनाया है, जो फरार है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा।
