रिंग रोड का यातायात दबाव कम करने बदली व्यवस्था

इंदौर: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इंटरस्टेट और स्लीपर बसों के लिए नई यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है. स्टार चौराहा क्षेत्र में बसों का डायवर्जन सख्ती से लागू किया गया है, जिसकी निगरानी अब ड्रोन कैमरों से की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.रविवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह और डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी ने डीसीपी जोन 2 कुमार प्रतीक के साथ स्टार चौराहा और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की मॉनिटरिंग की गई और माइक सिस्टम के जरिए बस चालकों व अन्य वाहन चालकों को निर्देशों का पालन करने की अपील की गई. अधिकारियों ने रेडिसन चौराहा पर नो एंट्री पॉइंट और अन्य प्रमुख चौराहों का भी जायजा लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए. पुलिस का कहना है कि रिंग रोड पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण बसों का रूट बदला गया है, ताकि शहर के अंदर जाम की स्थिति न बने.
अब यह रहेगा बसों का रूट…
नई व्यवस्था के तहत पिपलियाहाना से रेडिसन रोड पर स्लीपर और इंटरस्टेट बसों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है. बसों को अब निर्धारित मार्ग से ही शहर में प्रवेश और निकास करना होगा. वहीं व्हाइट चर्च की ओर से आने वाली बसों के लिए नया रूट तय किया है, जिसके तहत स्कीम नंबर 140 से अग्रवाल स्कूल चौराहा, बिचौली अंडरब्रिज, बायपास होते हुए बेस्ट प्राइस और फिर स्टार चौराहा तक आवागमन रहेगा, वापसी में भी यही मार्ग लागू रहेगा. स्टार चौराहा पर बसों को केवल निर्धारित स्थान से ही सवारी चढ़ाने उतारने की अनुमति दी गई है.

नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
इस दौरान यातायात पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले बस संचालकों और चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने बस ऑपरेटरों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

Next Post

350 बदमाशों पर कार्रवाई, 4 शराब तस्कर गिरफ्तार

Mon Apr 13 , 2026
इंदौर:शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने देर रात बड़ा अभियान चलाया. 11 और 12 अप्रैल की रात सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई सघन चेकिंग में करीब 450 बदमाशों और संदिग्धों की जांच की गई, जिनमें से 350 के खिलाफ कार्रवाई […]

You May Like