इंदौर:शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने देर रात बड़ा अभियान चलाया. 11 और 12 अप्रैल की रात सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई सघन चेकिंग में करीब 450 बदमाशों और संदिग्धों की जांच की गई, जिनमें से 350 के खिलाफ कार्रवाई की गई.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में चारों जोन के डीसीपी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान लंबित वारंटों पर भी जोरदार कार्रवाई करते हुए 141 से अधिक वारंट तामील कराए गए, जिनमें 26 स्थायी, 41 गिरफ्तारी और 74 जमानती वारंट शामिल हैं. वहीं अवैध हथियार लेकर घूम रहे 3 बदमाशों को पकड़कर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया. अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए. आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 84 लोगों पर बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर समंस तामील किए.
अभियान के दौरान शहर के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी की गई, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्धों की चेकिंग की गई. कई फरार अपराधियों को भी इस दौरान गिरफ्तार किया. पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से बांड भरवाकर भविष्य में अपराध न करने की सख्त हिदायत दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
